रायपुर, 12 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पर्व हरेली तिहार के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने निवास पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हरेली पर्व मनाया। उन्होंने हल, बैलगाड़ी और कृषि उपकरणों की विधिवत पूजा की तथा गेड़ी चढ़कर प्रदेशवासियों को हरेली तिहार की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उनका परिवार भी मौजूद रहा।

 

हरेली के अवसर पर भूपेश बघेल ने कहा कि “हरेली सिर्फ त्योहार नहीं, हमारी पहचान है। यह हमारी कृषि परंपरा और ग्रामीण जीवन की आत्मा है। हमें इसे हर हाल में संजोकर रखना होगा।”

 

उन्होंने कहा कि खेती-किसानी से जुड़े इस महत्वपूर्ण पर्व के बीच प्रदेश के किसान खाद की कथित किल्लत से जूझ रहे हैं। उन्होंने इसके लिए राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए किसानों की समस्याओं को दूर करने की मांग की।

 

पूर्व मुख्यमंत्री ने ‘जेन जी आंदोलन’ का भी जिक्र किया और इसे लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण मोड़ बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं ने अपनी आवाज मजबूती से उठाई है। साथ ही उन्होंने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी संसद में आम आदमी और युवाओं की आवाज उठा रहे हैं।

 

कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी

 

हरेली तिहार के कार्यक्रम में पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, प्रदीप चौबे, राजेन्द्र तिवारी, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, विधायक अनिला भेड़िया, भोलाराम साहू, संगीता सिन्हा, चातुरी नंद, रामकुमार यादव, ओंकार साहू, इन्द्र साव, कुंवर सिंह निषाद, अंबिका मरकाम, हर्षिता बघेल, संदीप साहू सहित कांग्रेस के अनेक नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, रायपुर शहर अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन, रायपुर ग्रामीण अध्यक्ष राजेन्द्र पप्पू बंजारे सहित प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन कार्यक्रम में शामिल हुए।

 

कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं, कृषि संस्कृति और ग्रामीण जीवन से जुड़े हरेली तिहार को संरक्षित रखने का संदेश दिया।

 

सत्य के अंजोर न्यूज — छत्तीसगढ़ की खबरों से जुड़े ताजा अपडेट के लिए हमारे साथ जुड़े रहें।

Share.
Exit mobile version