बीरगांव, 24 जुलाई 2026दक्षिण परिक्षेत्र साहू संघ बीरगांव ने शुक्रवार को नगर निगम बीरगांव के महापौर नंदलाल देवांगन को ज्ञापन सौंपकर साहू समाज के लिए भवन निर्माण हेतु शासकीय भूमि आवंटन में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। संगठन ने आरोप लगाया कि एक वर्ष बीत जाने के बाद भी सभी विभागों से सकारात्मक अभिमत मिलने के बावजूद महापौर परिषद से अंतिम स्वीकृति नहीं मिल सकी है।

ज्ञापन में बताया गया कि वार्ड क्रमांक 34, जागृति नगर, पटवारी हल्का नंबर 88 स्थित शासकीय भूमि, खसरा नंबर 253 के भाग में लगभग 1500 वर्गफीट भूमि साहू समाज भवन निर्माण के लिए आवंटित किए जाने का आवेदन कलेक्टर कार्यालय में किया गया था। इसके बाद 30 जुलाई 2025 को तहसील कार्यालय द्वारा विभिन्न विभागों से अभिमत मांगा गया, जिसमें सभी विभागों ने समाज के पक्ष में अपनी सहमति दी और इस दौरान किसी भी व्यक्ति द्वारा कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई।

 

साहू समाज का आरोप है कि इसके बावजूद महापौर परिषद से अंतिम अभिमत जारी नहीं किया गया। संगठन का कहना है कि पिछले एक वर्ष से समाज के प्रतिनिधि नगर निगम कार्यालय के लगातार चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार अलग-अलग अधिकारियों का हवाला देकर मामला टाल दिया जाता है।

दक्षिण परिक्षेत्र साहू संघ ने इसे साहू समाज के प्रति असंवेदनशीलता और भेदभावपूर्ण रवैया बताते हुए चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर अंतिम अभिमत जारी नहीं किया गया, तो 30 जुलाई 2026 को दक्षिण परिक्षेत्र साहू संघ बीरगांव एवं तहसील साहू संघ बीरगांव के संयुक्त नेतृत्व में नगर निगम कार्यालय का घेराव कर उग्र धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

 

इस दौरान तहसील साहू संघ बीरगांव के अध्यक्ष बेदराम साहू, उपाध्यक्ष जीवनलाल साहू, उपाध्यक्ष प्रतिमा साहू, कोषाध्यक्ष केहरू साहू, दक्षिण परिक्षेत्र अध्यक्ष जीधन साहू, पिताम्बर साहू, सोनू साहू, अनिता साहू तथा पार्षद खेमलाल साहू सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

 

(नोट: यह समाचार दक्षिण परिक्षेत्र साहू संघ द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के आधार पर प्रकाशित है।)

Share.
Exit mobile version