शासकीय हाई स्कूल करहनी में मासिक धर्म जागरूकता एवं निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरण कार्यक्रम आयोजित

बारमते| गौरेला-पेंड्रा-मरवाही

किशोरी बालिकाओं को मासिक धर्म के प्रति जागरूक बनाने, उससे जुड़े सामाजिक मिथकों एवं भ्रांतियों को दूर करने तथा सुरक्षित एवं स्वच्छ मासिक धर्म प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मदद मीनार फाउंडेशन एवं एनएफआई (NFI) के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय हाई स्कूल करहनी, विकासखंड मरवाही में मासिक धर्म जागरूकता एवं निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह की धर्मपत्नी श्रीमती रानी शिखा सिंह रहीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मासिक धर्म महिलाओं के जीवन की एक स्वाभाविक एवं प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसे बीमारी या शर्म का विषय नहीं समझना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, सही जानकारी अपनाने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में बिना संकोच अभिभावकों, शिक्षकों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से सलाह लेने की अपील की।

कार्यक्रम में मदद मीनार फाउंडेशन के चेयरपर्सन इरशाद अहमद कुरैशी एवं सचिव धीरज सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि किशोरियों का स्वास्थ्य, शिक्षा और सम्मान ही समाज के समग्र विकास की नींव है। संस्था भविष्य में भी महिलाओं एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करती रहेगी।

जागरूकता सत्र का संचालन सुश्री श्रुति एवं सुश्री गीता ने किया। उन्होंने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता, सैनिटरी पैड के सही एवं सुरक्षित उपयोग, समय-समय पर पैड बदलने की आवश्यकता, संक्रमण से बचाव, संतुलित आहार, एनीमिया की रोकथाम तथा मासिक धर्म से जुड़े सामाजिक मिथकों एवं वैज्ञानिक तथ्यों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान छात्राओं की जिज्ञासाओं का सरल एवं वैज्ञानिक तरीके से समाधान भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं को निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरित किए गए।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य धर्मेंद्र कुमार कुर्रे, व्याख्याता अमलेश कुमार ध्रुव, व्याख्याता विजय कुमार कोरी, व्याख्याता श्रीमती चित्रलेखा राजवाड़े, सहायक शिक्षक सौरभ श्रीवास सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम किशोरियों में आत्मविश्वास बढ़ाने, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करने तथा मासिक धर्म से जुड़े सामाजिक संकोच को समाप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम का सफल आयोजन मदद मीनार फाउंडेशन एवं एनएफआई (NFI) के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ। संस्था ने भविष्य में भी किशोरियों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सशक्तिकरण के लिए ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।

Share.
Exit mobile version