बिरगांव, 13 जुलाईदेश में प्रभु श्रीराम मंदिर के दान एवं चंदे को लेकर लगाए जा रहे कथित अनियमितताओं के आरोपों के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को व्यास तालाब चौक, बिरगांव में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “पहले लड़े थे गोरों से, अब लड़ेंगे चंदा चोरों से” सहित कई नारे लगाए। प्रदर्शन स्थल पर कांग्रेस के झंडे लहराते हुए कार्यकर्ताओं ने मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान की पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राम मंदिर के दान-पात्र से जुड़े चंदे में कथित गड़बड़ियां करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा गंभीर विषय हैं। उनका कहना था कि श्रद्धालुओं द्वारा विश्वास और आस्था के साथ दिए गए दान का पूरी पारदर्शिता से उपयोग होना चाहिए तथा यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

 

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि “प्रभु श्रीराम करोड़ों देशवासियों की आस्था के प्रतीक हैं। मंदिर के नाम पर श्रद्धालुओं के विश्वास के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। जनता की आस्था और विश्वास की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी लगातार संघर्ष करती रहेगी।”

 

इस अवसर पर जनसेवक श्री पंकज शर्मा, महापौर श्री नंदलाल देवांगन, बिरगांव ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री योगेंद्र सोलंकी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संबंधित मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।

 

> नोट: यह समाचार प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं द्वारा दिए गए बयानों, नारों और आरोपों पर आधारित है। संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Share.
Exit mobile version