रायपुर, 26 जून 2026। रायपुर पुलिस के नॉर्थ जोन अंतर्गत थाना खमतराई पुलिस ने ई-रिक्शा से बैटरी चोरी करने एवं चोरी का सामान खरीदने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई दो बैटरियां बरामद की हैं।
प्रार्थी राजू सोनी, निवासी टिंबर मार्केट के पास भनपुरी ने थाना खमतराई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपना ई-रिक्शा क्रमांक सीजी 04 पीबी 3187 घर के पास खड़ा किया था। 24 जून की रात अज्ञात चोर ई-रिक्शा से दो स्टार लाइट कंपनी की बैटरियां चोरी कर ले गया, जिनकी कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई गई।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 579/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा एवं थाना प्रभारी जितेंद्र जायसवाल के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गोंदवारा स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति चोरी की ई-रिक्शा बैटरियां बेचने की फिराक में घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा, जिसने पूछताछ में अपना नाम राय सिंह उर्फ प्रकाश बताया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने भनपुरी क्षेत्र से ई-रिक्शा की दो बैटरियां चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने एक बैटरी दीपक उर्फ दीपू दास तथा दूसरी बैटरी किशुन उर्फ किशन भारती को पांच-पांच हजार रुपये में बेचना बताया।
पुलिस ने दोनों खरीदारों को भी गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दोनों बैटरियां बरामद कर लीं। मामले में धारा 317(2) एवं 3(5) बीएनएस की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
1. राय सिंह उर्फ प्रकाश (30 वर्ष), निवासी डिंडौरी (मध्यप्रदेश), हाल मुकाम गोंदवारा, रायपुर।
2. दीपक उर्फ दीपू दास (25 वर्ष), निवासी गाजीनगर, बीरगांव, रायपुर।
3. किशुन उर्फ किशन भारती (30 वर्ष), निवासी मुर्राभाठा, पार्वती नगर, रायपुर।
