रायपुरराजधानी रायपुर के शास्त्री मार्केट में नाप-तौल विभाग द्वारा सघन जांच अभियान चलाते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले 4 दुकानदारों पर कुल 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं दो व्यापारियों को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

सहायक नियंत्रक विधिक माप विज्ञान (नाप-तौल) विभाग रायपुर रविशंकर सोरी के निर्देशन तथा निरीक्षक उमेश्वरी जागड़े एवं जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में यह विशेष जांच अभियान संचालित किया गया। जांच के दौरान कई दुकानों में व्यापारिक उपयोग में लाए जा रहे इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटों एवं माप उपकरणों का निर्धारित समयावधि में सत्यापन नहीं कराया जाना पाया गया।

 

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि व्यापारिक लेन-देन में उपयोग किए जाने वाले सभी इलेक्ट्रॉनिक तौल एवं माप उपकरणों का समय-समय पर सत्यापन कराना अनिवार्य है। नियमों का पालन नहीं करने पर संबंधित व्यापारियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

अभियान के दौरान शास्त्री मार्केट के सैकड़ों व्यापारियों को एकत्रित कर इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटों के सत्यापन संबंधी जानकारी दी गई। विभाग ने सभी व्यापारियों को दो दिन के भीतर अपने उपकरणों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय सीमा के भीतर सत्यापन नहीं कराने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

 

नाप-तौल विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा एवं व्यापारिक लेन-देन में पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। अधिकारियों ने व्यापारियों से अपील की है कि वे सभी तौल एवं माप उपकरणों का समय पर सत्यापन कराएं, ताकि किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके।

 

विभाग ने आम नागरिकों से भी आग्रह किया है कि यदि किसी दुकान में तौल-माप संबंधी अनियमितता दिखाई दे तो इसकी सूचना नाप-तौल विभाग को दें, जिससे त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

 

इस अभियान में अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिशंकर शुक्ल, राष्ट्रीय महासचिव चितरंजन कुमार पर्वत, प्रदेश अध्यक्ष खुलेश वर्मा एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष शैलेश चौधरी के मार्गदर्शन में संगठन की रायपुर इकाई ने सक्रिय सहयोग किया। रायपुर जिला अध्यक्ष दुर्गेश वर्मा, उपाध्यक्ष टोमन दास बंजारे , कोषाध्यक्ष केयूर भूषण यादव, तथा महासचिव मंजू जायसवाल ने उपभोक्ता हित में विभागीय अधिकारियों का सहयोग किया। अभियान के दौरान पत्रकारों एवं गोलबाजार थाना पुलिस का भी सहयोग प्राप्त हुआ।

सत्य के अंजोर न्यूज।

Share.
Exit mobile version