महासमुंद। संगीत और कला को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से महासमुंद शहर में आयोजित भव्य संगीत प्रतियोगिता ‘गाइये और छा जाइये’ का शानदार आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में धरसींवा विधायक एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा के सुपरस्टार अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों और उभरते हुए गायकों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मन मोह लिया। देर रात तक चले इस सांस्कृतिक आयोजन में संगीत प्रेमियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध कला, संस्कृति और लोक परंपराओं से है। उन्होंने कहा कि संगीत हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है और ऐसे मंच युवाओं की प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा, “‘गाइये और छा जाइये’ केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का मंच है। अपनी भाषा, संस्कृति और माटी पर गर्व करें। जो अपनी जड़ों से जुड़ा रहता है, वही जीवन में ऊंचाइयों को छूता है।”
अनुज शर्मा ने युवाओं को अपनी कला और प्रतिभा को पहचानने तथा उसे निरंतर निखारने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की माटी में कला और संस्कृति कूट-कूट कर भरी हुई है तथा ऐसे आयोजन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का बेहतरीन माध्यम हैं।
कलाकारों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने प्रतियोगिता के विजेताओं एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, कमल जैन सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, संगीत प्रेमी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने देर रात तक चले इस सुरमयी आयोजन का भरपूर आनंद लिया।
सत्य के अंजोर न्यूज।
