ट्रिपल इंजन सरकार के संकल्प के साथ भाजपा को मिल रहा भारी जनसमर्थन

उप मुख्यमंत्री अरुण साव के आगमन से चुनावी माहौल होगा और गर्म, अनुराग सिंह देव के नेतृत्व में भाजपा अभियान निर्णायक चरण में

 

बम्हनीडीह/चांपा/जांजगीर-चांपा/सक्ती/रायपुर।

नगर पंचायत बम्हनीडीह चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में लगातार जनसमर्थन बढ़ता जा रहा है। छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधायक माननीय गुरु खुशवंत साहेब पिछले कई दिनों से बम्हनीडीह क्षेत्र में लगातार जनसभा, डोर-टू-डोर जनसंपर्क, सामाजिक बैठकों एवं वार्ड स्तरीय संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से भाजपा अध्यक्ष प्रत्याशी रमेश कुमार डडसेना एवं पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में सघन प्रचार अभियान चला रहे हैं।

 

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने विभिन्न वार्डों एवं मोहल्लों में पहुंचकर नागरिकों से भाजपा प्रत्याशियों को कमल छाप पर मतदान कर प्रचंड मतों से विजयी बनाने की अपील की। जनसंपर्क के दौरान नागरिकों का उत्साह, आत्मीय स्वागत एवं भारी जनसमर्थन भाजपा की ऐतिहासिक विजय की ओर स्पष्ट संकेत दे रहा है।

 

इसी क्रम में वार्ड क्रमांक-2 में परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा जी को स्मरण करते हुए सेतखाम की पूजा-अर्चना कर समस्त नगरवासियों के सुख, समृद्धि एवं लोकमंगल की कामना की गई। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि ट्रिपल इंजन भाजपा सरकार बनने के बाद बम्हनीडीह क्षेत्र शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य एवं मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

 

चुनाव प्रचार अभियान के दौरान पटेल समाज के समाज प्रमुखों एवं सम्मानित सदस्यों के साथ आयोजित आत्मीय टिफिन बैठक में भी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब शामिल हुए। इस अवसर पर पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन चिला एवं अंगाकर रोटी के साथ आत्मीय संवाद हुआ। बैठक में उपस्थित समाजजनों ने नगर के विकास, सुशासन एवं जनकल्याण के लिए भाजपा के पक्ष में एकजुट होकर ट्रिपल इंजन सरकार बनाने का संकल्प लिया।

 

नगर पंचायत चुनाव में भाजपा के पक्ष में माहौल को और अधिक मजबूती देने में छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अनुराग सिंह देव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके कुशल नेतृत्व, प्रभावी रणनीति एवं सतत मार्गदर्शन में भाजपा का चुनाव प्रचार अभियान लगातार गति पकड़ते हुए निर्णायक चरण में पहुंच चुका है। उनके नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा एवं संगठनात्मक मजबूती के साथ चुनावी मैदान में सक्रिय हैं।

 

प्रचार अभियान में सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा, भाजपा नेत्री श्रीमती संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव, वरिष्ठ भाजपा नेता नारायण चंदेल, पूर्व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक निर्मल सिन्हा, वरिष्ठ नेता रामू बोहरा, पूर्व विधायक कैलाश साहू, पूर्व विधायक खिलावन साहू, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता इंजीनियर रवि पांडे, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सक्रिय रूप से शामिल हो रहे हैं।

 

इसी क्रम में कल छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री माननीय अरुण साव का भी बम्हनीडीह आगमन प्रस्तावित है। उनके आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय नागरिकों में भारी उत्साह का माहौल है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों में शामिल होकर भाजपा के पक्ष में माहौल को और अधिक मजबूती प्रदान करेंगे।

 

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश एवं प्रदेश में सुशासन और विकास का नया मॉडल स्थापित किया है। अब बम्हनीडीह में भी ट्रिपल इंजन सरकार के माध्यम से विकास की नई इबारत लिखी जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता का अपार स्नेह, विश्वास एवं समर्थन भाजपा के साथ है और आने वाले चुनाव परिणाम भाजपा की ऐतिहासिक विजय का मार्ग प्रशस्त करेंगे।

Share.
Exit mobile version