रायपुर | 26 अप्रैल 2026 | भारतीय जनता पार्टी संगठन की ओर से पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रभारी नियुक्त किए गए कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव आज पश्चिम बंगाल से लौटकर रायपुर पहुंचे। रायपुर एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य और उत्साहपूर्ण स्वागत किया।
पश्चिम बंगाल में अपने प्रवास के दौरान मंत्री यादव ने पार्टी संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और भाजपा के पक्ष में मतदान के लिए जनता को प्रेरित करने में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर आम नागरिकों से मुलाकात की और पार्टी के समर्थन में माहौल तैयार करने का प्रयास किया।
रायपुर पहुंचने पर उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की स्थिति काफी मजबूत है और जनता परिवर्तन के लिए तैयार है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य में भाजपा की सरकार बनना तय है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले चरण में हुए मतदान में भारी भागीदारी से साफ संकेत मिलता है कि जनता भाजपा के पक्ष में निर्णय ले चुकी है।
इस दौरान एयरपोर्ट पर मौजूद कार्यकर्ताओं के साथ उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात की 133वीं कड़ी का सामूहिक श्रवण भी किया।
कार्यकर्ताओं ने मंत्री गजेन्द्र यादव के नेतृत्व और उनके प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया और आगामी चुनाव परिणामों को लेकर उत्साह जाहिर किया।
