बीरगांव | स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत नगर पालिक निगम बीरगांव द्वारा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए जनजागरूकता अभियान को तेज किया गया है। इसी कड़ी में निगम की टीम ने वार्ड क्रमांक 28 और 29 में घर-घर जाकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी कमल नारायण जंघेल, स्वच्छता निरीक्षक राजेश सिंह क्षत्रिय और जिला समन्वय (PIU) विकास कुमार जांगड़े की मौजूदगी में लोगों को गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने, कचरे को निर्धारित स्थान पर ही देने, नालियों में कचरा न फेंकने और सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

निगम टीम ने साफ तौर पर बताया कि स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि वे शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें और बीरगांव को स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंक दिलाने में अपनी भागीदारी निभाएं।

निगम प्रशासन का कहना है कि इस तरह के जनजागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि बीरगांव को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर शहर के रूप में विकसित किया जा सके।

Share.
Exit mobile version