🔥 भाजपा राज में पीएम आवास पर बुलडोजर? कांग्रेस ने लगाया गंभीर आरोप
रायपुर | 18 अप्रैल 2026 ! छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि राज्य में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों को भी तोड़ा जा रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले के पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।
प्रवक्ता ठाकुर ने कहा कि भाजपा शासन में विशेष रूप से एसटी, एससी और ओबीसी वर्ग के लोगों के मकानों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कबीरधाम जिले में एससी वर्ग के एक परिवार का पीएम आवास बिना नोटिस के तोड़ दिया गया, यहां तक कि परिजनों के मोबाइल भी छीन लिए गए। इसे उन्होंने गरीबों के साथ “सरासर अन्याय” बताया।
उन्होंने यह भी कहा कि स्थिति इतनी गंभीर है कि केंद्रीय मंत्री को खुद मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पीड़ित परिवार के लिए न्याय की मांग करनी पड़ रही है। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री की “18 लाख आवास देने की गारंटी” पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में इसके विपरीत पहले से बने आवास भी सुरक्षित नहीं हैं।
कांग्रेस के अनुसार, भाजपा सरकार बनने के बाद बुलडोजर कार्रवाई तेज हुई है और जगदलपुर, महासमुंद, रायगढ़ और रायपुर सहित कई जिलों में पीएम आवास तोड़े जाने की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब सरकार के संरक्षण में हो रहा है।
इसके अलावा, कांग्रेस ने यह भी मुद्दा उठाया कि पहले से स्वीकृत आवासों की किस्तें नहीं दी जा रही हैं और नए आवासों का आवंटन भी ठप है।
👉 कांग्रेस की मांग:
पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए
जिन परिवारों के पीएम आवास तोड़े गए हैं, उन्हें तुरंत नया आवास उपलब्ध कराया जाए
(सत्य के अंजोर न्यूज़ के लिए विशेष रिपोर्ट)
