धरसींवा को बड़ी सौगात: 1.10 करोड़ से बनेंगे सिलयारी व सिलतरा थाना के नए भवन, विधायक अनुज शर्मा ने सदन में उठाए विकास के कई बड़े मुद्दे
धरसींवा क्षेत्र में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती
सिलयारी व सिलतरा थाना के नवीन भवन निर्माण के लिए 1.10 करोड़ की स्वीकृति, विधायक अनुज शर्मा ने उपमुख्यमंत्री का जताया आभार
रायपुर। विधानसभा के बजट सत्र के दौरान अनुदान मांगों पर चर्चा में धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने अपने क्षेत्र की प्रगति और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सदन के पटल पर रखा। इस दौरान उन्होंने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए क्षेत्र की कई नई विकास योजनाओं के लिए प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए।
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि धरसींवा क्षेत्र के विकास के लिए उपमुख्यमंत्री द्वारा दी गई सौगातों के लिए वे उनका आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि विकास केवल ईंट-पत्थर की संरचनाएं नहीं होता, बल्कि यह आम जनता के जीवन को आसान बनाने का एक संकल्प है। उपमुख्यमंत्री ने क्षेत्र की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दी है।
उन्होंने बताया कि महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ‘महतारी सदन’ का निर्माण किया जाएगा। वहीं बेहतर कानून व्यवस्था के लिए पुलिस चौकी सिलयारी का पुलिस थाना में उन्नयन, सिलतरा में नवीन थाना भवन निर्माण तथा सिलयारी चौकी भवन निर्माण के लिए कुल 1.10 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इन कार्यों से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का मार्गदर्शन हमेशा प्रेरणादायक रहा है और उनकी विकासोन्मुख कार्यशैली जनप्रतिनिधियों के लिए एक उदाहरण है। इन योजनाओं के पूर्ण होने से धरसींवा क्षेत्र की जनता के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।
सदन में रखी गईं ये प्रमुख मांगें
विधायक अनुज शर्मा ने क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अनुदान चर्चा के दौरान कई बहुप्रतीक्षित मांगों की ओर भी उपमुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया। इनमें शामिल हैं—
गृह विभाग अंतर्गत:
ग्राम गुमा (विकासखंड धरसींवा) में नई पुलिस चौकी की स्थापना।
पंचायत विभाग अंतर्गत:
मलौद में नवीन पंचायत भवन का निर्माण।
दोंदेखुर्द में पीडीएस (PDS) भवन का निर्माण।
अकोली (मांढर) में पूर्व माध्यमिक शाला से मुक्तिधाम तक पहुंच मार्ग का निर्माण।
गोमची में काशीराम निषाद के घर से मुक्तिधाम तक सड़क निर्माण।
सोनतरा में स्मार्ट पंचायत भवन का निर्माण।
विधायक अनुज शर्मा ने विश्वास जताया कि इन मांगों की स्वीकृति से धरसींवा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के साथ-साथ कानून व्यवस्था को भी और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य धरसींवा के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है और उपमुख्यमंत्री के सहयोग से ये कार्य जल्द ही साकार होंगे।
