रायपुरछत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की होनहार बेटी वैभवी अग्रवाल ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सिविल सेवा परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया रैंक 35 प्राप्त कर प्रदेश और समाज का नाम रोशन किया है। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रतिनिधि मंडल ने साम्राज्य रेजिडेंसी स्थित उनके निवास पहुंचकर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

रायपुर के गुढ़ियारी निवासी श्री शीतल अग्रवाल की सुपुत्री वैभवी अग्रवाल की इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा छत्तीसगढ़ और अग्रवाल समाज गौरवान्वित महसूस कर रहा है। इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधि मंडल ने वैभवी का फूल-मालाओं से स्वागत कर, श्री अग्रसेन जी का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा केक काटकर खुशी साझा की।

संगठन के अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल ने वैभवी को आशीर्वाद देते हुए कहा कि यह सफलता केवल एक रैंक नहीं बल्कि कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और परिवार के सपनों की जीत है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटी ने यह साबित कर दिया है कि अगर हौसला मजबूत हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।

इस अवसर पर प्रांतीय महामंत्री संजय अग्रवाल, अग्र अलंकरण संयोजिका डॉ. अनीता मोहनलाल अग्रवाल, उच्च शिक्षा ऋण योजना संयोजक डॉ. मोहनलाल अग्रवाल, संगठन मंत्री अजय खेतान, राधेश्याम अग्रवाल, ललित हरलालका, महिला संगठन की महामंत्री निधि अग्रवाल, वर्षा अग्रवाल, संगीता हरलालका, आशीष अग्रवाल, अंकित अग्रवाल सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

बधाइयों से भावुक होकर वैभवी अग्रवाल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि वह अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार को समर्पित करती हैं। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि सपनों को हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत जरूरी है। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता का श्लोक दोहराते हुए कहा –

“फल की चिंता न करें, कर्म करते रहें, सफलता निश्चित मिलेगी – आज नहीं तो कल।”

छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन ने वैभवी को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। यह अवसर समाज की एकता और युवा प्रतिभाओं के सम्मान का प्रेरणादायक उदाहरण बना।

Share.
Exit mobile version