🍛 राष्ट्रीय मिठाई जलेबी व खीर-पूड़ी खिलाकर हुआ प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन
गुखेरा में नवप्रवेशी व प्रतिभावान छात्रों का सम्मान, पर्यावरण संदेश के साथ हुआ समापन
आरंग/खमतराई।
शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला गुखेरा (संकुल खमतराई) में शनिवार को शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत राष्ट्रीय मिठाई जलेबी और खीर-पूड़ी से कर गर्मजोशी से किया गया। कार्यक्रम में गांव की सरपंच रेवती पुरुषोत्तम सोनवानी मुख्य अतिथि रहीं, जिन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताया।
✏️ लेखन सामग्री वितरण व प्रेरक संबोधन
मुख्य अतिथि सरपंच सोनवानी ने स्कूल विकास हेतु हर संभव प्रयास करने की बात कहते हुए समस्त 143 विद्यार्थियों को व्यक्तिगत रूप से कॉपी-पेन की लेखन सामग्री भेंट की। इस अवसर पर एसएमसी अध्यक्ष रेखराज देवांगन ने गुरुजनों के सम्मान और अनुशासन के महत्व पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को सतत प्रगति की शुभकामनाएं दीं।
🎖️ प्रतिभावान छात्रों को मेडल व सम्मान
विद्यालय परिवार ने कक्षा पहली से आठवीं तक के प्रथम-द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों को मेडल पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
विशेष रूप से कक्षा पांचवी की छात्रा आस्था करकेल ने 95.5% अंक प्राप्त कर, वहीं सोनाक्षी सोनवानी एवं उर्वशी रात्रे ने 94.5% अंकों के साथ जिले की मेरिट सूची में स्थान बनाकर पूरे गुखेरा गांव का नाम रोशन किया।
🌱 “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत 35 पौधारोपण
शैक्षणिक कार्यक्रम के पश्चात “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत अतिथियों एवं विद्यालय परिवार द्वारा नीम, आम, अमरूद, जामुन, सीताफल, गुलमोहर, आंवला समेत 35 से अधिक पौधे लगाए गए। इस आयोजन ने पर्यावरण संरक्षण और संवेदनशीलता का गहरा संदेश दिया।
📚 शैक्षणिक रिपोर्ट प्रस्तुत, मध्यान भोजन व संचालन सराहनीय
इस अवसर पर प्रधान पाठक अरविंद वैष्णव एवं के.के. साहू ने वार्षिक शैक्षणिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। संकुल समन्वयक हरीश दीवान ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मध्यान्ह भोजन और समयबद्धता के प्रति प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक रामनारायण कन्नौजे, विमला चौहान, फातिमा जांगड़े, नोहरलाल यादव, घनश्याम साहू द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में उपसरपंच गंगा घासी कुर्रे, पंचगण सनत बघेल, दसरू कुर्रे, कुशाल देवांगन, पुरुषोत्तम रात्रे, भोलाराम यादव, रोहित बघेल, डेविड ढिंढी, गोवर्धन करकेल, दीनदयाल कुर्रे, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सीमा करकेल सहित ग्रामीणों, पालकों, शाला विकास समिति एवं मध्यान भोजन सहायता समूह की सक्रिय भागीदारी रही।
🍬 टॉफी वितरण के साथ हुआ समापन
अंत में सभी बच्चों को टॉफी वितरित कर मुंह मीठा कराया गया तथा “शिक्षा ही परिवर्तन की कुंजी है” जैसे नारों के साथ यह प्रेरणादायक प्रवेश उत्सव संपन्न हुआ।
—
🔗 सत्य के अंजोर न्यूज़ डेस्क
📍 गुखेरा | खमतराई संकुल | आरंग विकासखंड
